रविवार, 11 अक्टूबर 2026
AVP24 NEWS — हर खबर की तह तक

 क्या सीएम योगी सड़क पर कांवड़ यात्रा होने देंगे? राजभर ने योगी से क्यों पूछा ये सवाल

लखनऊ : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यूपी की सड़कों पर नमाज न पढ़ने देने को लेकर बड़ा सवाल पूछा है। ओपी राजभर ने पूछा है कि सड़क पर नमाज नहीं होने दी, क्या सड़क पर कांवड़ यात्रा होने देंगे? बता दें, सीएम योगी के निर्देश के बाद यूपी में ईद पर पहली बार सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी गई।

ओपी राजभर ने योगी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात की थी। इसके बाद सियासी अटकलों का दौर शुरू हो गया था। राजभर की गठबंधन में वापसी की अटकलें लगाई जाने लगीं। इस मुलाकात के बाद जब ओपी राजभर से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के गठबंधन में सबकुछ ठीक है। उन्होंने कहा, ''मैं दयाशंकर सिंह के पास अपना काम लेकर गया था। जौनपुर से बनारस तक रोडवेज बस चलाने को लेकर, अपने एक कार्यकर्ता के काम को लेकर उनसे मिला था। हमने सोचा कि दयाशंकर सिंह बलिया के मंत्री हैं तो उनसे कहलवा दिया जाए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में कासिमाबाद पर कट नहीं बना, इस संबंध में भी उनसे बातचीत करने गया था।''

राजभर आगे कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद अभी एक भी व्यक्ति भाजपा में शामिल नहीं हुआ है। हम गठबंधन के साथी समाजवादी पार्टी गठबंधन के साथ हैं। जयंत चौधरी, केशव देव मौर्य या कृष्णा पटेल गठबंधन के साथ हैं। सपा गठबंधन में कन्फ्यूजन के सवाल पर राजभर ने कहा, वो समाजवादी पार्टी का विषय है, हमारा नहीं। उनकी पार्टी में क्या गुल खिल रहा है, क्या तू-तू , मैं-मैं हो रही है, उसे लेकर मैं क्या कर सकता हूं। किसी के घर में झगड़ा हो तो हम क्यों झूठे पंचायत करें।

Read More : बंगाल की खाड़ी पहुंचा तूफान असानी , इन राज्यों में होगी बारिश, इन जगहों पर अलर्ट

टिप्पणियाँ

टिप्पणियाँ मॉडरेशन के बाद प्रकाशित होती हैं। अपमानजनक या भ्रामक सामग्री हटा दी जाएगी।