कानपुर के काकादेव में भाजपा नेता की गुंडई, महिलाओं और बच्चों को बीच सड़क पीटा

कानपुर : कानपुर के काकादेव में भाजपा नेता की गुंडई का वीडियो सामने आया है। आरोप है कि भाजपा रेड़ी पटरी प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक ने सरेआम एक महिला और उसके बच्चों को पीटा। पुलिस चौकी के सामने भाजपा नेता गुंडई करता रहा, लेकिन महिला की सुनवाई नहीं हुई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आला अफसरों ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद काकादेव पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

इस पूरे मामले में भाजपा नेता महेंद्र तिवारी का कहना है कि उनके बड़े भाई की दुकान के सामने गिट्टी-मोरंग गिराई गई थी। इसका उन्होंने विरोध किया था। इस पर सड़क पर उतर कर दूसरे पक्ष ने परिवार सहित उनके साथ भी मारपीट की है और उल्टे उनके भाई को ही पुलिस ने हिरासत में लिया है। इतना ही नहीं उनके खिलाफ भी मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। उनका कहना है कि वह खुद प्रताड़ित हैं और उनके ऊपर गलत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

महिलाओं ने भी की मारपीट

बताया जा रहा है कि शास्त्री नगर चौकी के निकट महेंद्र तिवारी एक महिला और उसके बच्चों को बेरहमी से पीट रहे थे। सरेआम वह बेरहमी से उनकी पिटाई करते रहे और चौकी के सिपाही मूकदर्शक बने देखते रहे। आरोप है कि भाजपा नेता ने महिला के बच्चे का मोबाइल भी छीन लिया। हालांकि वीडियो में दिख रहा कि महिलाओं ने भी उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वह महिला को धमकाते हुए चले गए। घायल हालत में महिला अपने बच्चों को लेकर पहले चौकी, फिर थाने गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

मारपीट के दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद आला अफसरों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने मामले का संज्ञान लेकर काकादेव पुलिस को कार्रवाई करने के आदेश दिए। तब जाकर पुलिस ने भाजपा नेता महेंद्र तिवारी के खिलाफ केस दर्ज किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि भाजपा नेता महेंद्र तिवारी दबंग प्रवृत्ति के हैं और पहले भी कई बार इलाके के लोगों से मामूली बात पर ही मारपीट कर चुका है। इसके अलावा उस पर पूर्व में पुलिस कर्मियों से भी मारपीट का आरोप लग चुका है।

Read More : योग़ी कैबिनेट की बैठक ख़त्म, बैठक में कई प्रस्तावों पर लगी मुहर