इजरायल के ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ का जवाब ईरान ने दिया ‘ट्रू प्रॉमिस 3’ से

इजरायल और ईरान के बीच लड़ाई तेज हो गई है। इजरायल के ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ के जवाब में ईरान ने भी ऑपरेशन ‘ट्रू प्रॉमिस 3’ शुरू कर दिया है। इसके तहत उसने तेल अवीव और यरुशलम पर देर रात जबरदस्त मिसाइल अटैक कर दिया। यही नहीं इजरायल पर लेबनान और जॉर्डन की तरफ से भी हमला किया गया है। इसके बाद इजरायल ने दोबारा ईरान पर एयर स्ट्राइक शुरू कर दिया। इजरायली डिफेंस फोर्स ने गुरुवार तड़के ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों को टारगेट किया था, जिसमें ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ईरान में 78 लोगों की मौत हो गई है। दोनों देशों के बीच जंग लगातार जारी है।

इजरायल के इन हमलों में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रमुख हुसैन सलामी, ईरानी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ मोहम्मद बाघेरी, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के करीबी अली शामखानी और आईआरजीसी की एयरफोर्स के कमांडर आमिर अली हाजीजादेह जैसे बड़े अधिकारी मारे गए। इजरायल ने अपने इस ऑपरेशन को राइजिंग लॉयन नाम दिया।

ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ का जवाब ‘ट्रू प्रॉमिस 3’ से

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक इजरायल की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती। इसके जवाब में ईरान ने भी इजरायल पर ताबड़तोड़ हमले किए और राजधानी तेल अवीव सहित कई शहरों में मिसाइल दागे और तबाही मचाई। ईरान ने इस ऑपरेशन को ट्रू प्रॉमिस थ्री नाम दिया है। ईरान ने‘ट्रू प्रॉमिस 3’ सैन्य ऑपरेशन के तहत इजरायल पर 150 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें से 6 मिसाइलें राजधानी तेल अवीव में गिरी। जिसमें एक महिला की मौत हो गई। वहीं 63 लोग घायल हो गए। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ईरान ने इजराइली रक्षा मंत्रालय को भी निशाना बनाया।

इस्लामी शासन के खिलाफ हमारी लड़ाई – नेतन्याहू

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमारी लड़ाई ईरानी लोगों के खिलाफ नहीं बल्कि इस्लामी शासन के खिलाफ है। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इजरायल को बर्बाद करने की कसम खाई है।

ईरान-इजरायल तनाव के बीच जॉर्डन ने फिर खोला एयरस्पेस

वही ईरान इंटरनेशनल के मुताबिक, जॉर्डन की सिविल एविएशन रेगुलेटरी कमीशन ने शनिवार सुबह 7:30 बजे (स्थानीय समय) देश का एयरस्पेस दोबारा खोलने की घोषणा की है। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए एहतियातन इसे अस्थायी रूप से बंद किया गया था।

ईरान इजरायल पर दाग रहा बैलिस्टिक मिसाइलें – आईडीएफ

इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने कहा कि हम एक ही बात को दिन में कई बार ट्वीट नहीं करना चाहेंगे, लेकिन लाखों इजरायली शरण की ओर भाग रहे हैं। क्योंकि ईरान इजरायल पर और अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें दाग रहा है।

इजरायली एयर फोर्स ने लोगों से की खास अपील

वही इजरायली एयर फोर्स ने कहा कि इस समय वायु सेना खतरे को खत्म करने के लिए जहां भी आवश्यक हो, अवरोधन और हमला करने के लिए काम कर रही है। कुछ समय पहले ईरान से इजराइल राज्य के क्षेत्र में प्रक्षेपित मिसाइलों की खोज के बाद इजरायल के कई क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया था। लोगों से होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा जाता है। एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है। इसलिए होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का पालन करना जारी रखना चाहिए।

खतरा खत्म होने तक कार्रवाई चलेगी – इजरायली सेना

इजरायली सेना (आईडीएफ) ने बताया है कि वह ईरान में हवाई हमले लगातार कर रही है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईडीएफ ने टेलीग्राम पर कहा हमारी वायुसेना ईरान में मौजूद खतरों को खत्म करने के लिए हमले जारी रखे हुए है। इसके साथ एक वीडियो भी शेयर किया गया। जिसमें हवाई हमलों के दृश्य दिख रहे हैं। यह हमला 24 घंटे पहले शुरू हुआ था, जिसमें आईडीएफ के मुताबिक ईरान के तीन सैन्य कमांडरों की मौत हो गई थी। इसके जवाब में ईरान ने शनिवार सुबह तक इजरायल पर मिसाइलें दागीं। हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

ईरानी सीमा में दाखिल हुए इजरायली ड्रोन मार गिराए गए

ईरान इंटरनेशनल के मुताबिक, ईरानी सेना ने देश की सीमा के पास सलमास क्षेत्र में घुसे इजरायली ड्रोन को इंटरसेप्ट कर गिरा दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि ये ड्रोन जासूसी और निगरानी कर रहे थे। लेकिन ईरानी सैन्य इकाइयों ने उन्हें समय रहते पहचान कर नष्ट कर दिया।

मार गिराया इजरायली F-35 फाइटर जेट – ईरान

भारत में ईरान के दूतावास ने एक तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया है कि ईरान की एयर डिफेंस सिस्टम ज़ायनिस्ट शासन (इज़रायल) के एक F-35 फाइटर जेट को मार गिराया है। एक्स पोस्ट पर एक तस्वीर भी शेयर की गई है। वहीं तस्नीम न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक गिराए गए विमानों में से एक की महिला पायलट को हिरासत में लिया गया है।

अब भी वक्त है, ईरान परमाणु डील पर लौटें – अमेरिका

मिडिल ईस्ट इस वक्त गंभीर उथल-पुथल से गुजर रहा है। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ती जंग की स्थिति ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना दिया है। दोनों देश अब युद्ध के कगार पर हैं। इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दोबारा चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अभी भी देर नहीं हुई है, ईरान को परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत की टेबल पर लौट आना चाहिए। ट्रंप ने इजरायल द्वारा ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर किए गए हमलों को “सटीक और सफल” बताया। उन्होंने कहा, “हमें पहले से इस कार्रवाई की जानकारी थी। मैंने ईरान को शर्म और बर्बादी से बचाने की पूरी कोशिश की, क्योंकि मैं उनके साथ एक समझौता करना चाहता था।

अमेरिकी ठिकानों तक पहुंच जाएगा संघर्ष – ईरान

ईरान ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ये हमले जारी रहेंगे और संघर्ष अमेरिकी ठिकानों तक फैल जाएगा। ईरान की FARS समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इज़राइल पर हमले जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा है कि आने वाले दिनों में संघर्ष क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों तक फैल जाएगा। अधिकारी का नाम न बताते हुए रिपोर्ट में कहा गया यह टकराव कल रात की सीमित कार्रवाइयों के साथ समाप्त नहीं होगा और ईरान के हमले जारी रहेंगे।

उत्तरी सीमा पर इजरायल ने बढ़ाई सुरक्षा

टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के साथ हालात को देखते हुए इजरायली सेना (आईडीएफ) ने उत्तरी सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है। सेना ने 146वीं रिजर्व डिवीजन और ‘आयरन फिस्ट’ और ‘एत्ज़ियोनी’ ब्रिगेड को तैनात किया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा कई और रिजर्व बटालियन को लेबनान और सीरिया की सीमाओं पर भेजा गया है। सेना ने कहा कि यह कदम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए उठाया गया है।

इजरायली हमलों में न्यूक्लियर साइट्स को पहुंचा नुकसान

ईरान ने इजरायल के न्यूक्लियर साइट्स पर किए अटैक के दावों की पुष्टि कर दी है। ईरान की न्यूज एजेंसी IRNA के मुताबिक, हमलों में फोर्डो परमाणु संयत्र को ‘सीमित नुकसान’ पहुंचा है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है हमने पहले ही उपकरण और सामग्री का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बाहर निकाल लिया था और कोई व्यापक क्षति नहीं हुई और कोई संदूषण संबंधी चिंता नहीं है।

read more :    इंग्लैंड नहीं जा पाए गौतम गंभीर, तो कौन बनेगा टीम इंडिया का हेड कोच ?