इजरायल का गंभीर आरोप: ढाई घंटे का सीजफायर, ईरान ने किया उल्लंघन

ईरान और इजरायल के बीच युद्ध का आज 12वां दिन है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान और इज़राइल के बीच “पूर्ण और समग्र” युद्ध विराम की घोषणा कर दी है लेकिन उनके इस ऐलान के कुछ घंटों बाद, तेहरान ने इसे यह कहते हुए खारिज कर दिया कि किसी भी युद्ध विराम या सैन्य अभियानों की समाप्ति पर “कोई समझौता” नहीं हुआ है। हालांकि, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि उन्हें इस युद्ध को जारी रखने में कोई दिलचस्पी नहीं है, बशर्ते कि इज़राइल अपना आक्रमण बंद कर दे।

अराघची ने कहा कि ईरान ने बार-बार स्पष्ट किया है कि इज़राइल ने ईरान पर युद्ध शुरू किया है और अगर इज़राइली शासन ईरानी लोगों के खिलाफ़ अपने अवैध आक्रमण को तेहरान समय के अनुसार सुबह 4 बजे से पहले रोक दे, हमारा उसके बाद अपनी प्रतिक्रिया जारी रखने का कोई इरादा नहीं है। वही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है। उन्होंने लिखा कि सीजफायर अब प्रभावी होगा। प्लीज इसे न तोड़ें।

ईरान ऐसा देश नहीं है जो झुक जाए – अयातुल्ला अली खामेनेई

अमेरिका की मध्यस्थता से ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने तीखा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि ईरान ऐसा देश नहीं है जो झुक जाए। अयातुल्ला अली खामेनेई ने कहा कि अमेरिका ने हमें धमकाने के लिए मुंह खोला है। वे धमकी तो दे ही रहे हैं और इसके साथ आत्मसमर्पण करने की बात भी कह रहे हैं। ईरान धमकियों से नहीं डरता है।

सीजफायर तोड़ा तो जवाब मिलेगा – इजरायल

ईरान द्वारा सीजफायर के बावजूद इजरायल पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के बाद इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल कात्ज़ ने सख्त चेतावनी जारी की है। टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, कात्ज़ ने कहा, “मैंने आईडीएफ (इजरायल डिफेंस फोर्स) को निर्देश दिया है कि ईरान के इस सीजफायर उल्लंघन का कड़ा जवाब दिया जाए। अब ईरान के विभिन्न ठिकानों पर तीव्र और सटीक हमले होंगे।

बम शेल्टर से बाहर आ सकते हैं नागरिक – आईडीएफ

इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) के होम फ्रंट कमांड ने जानकारी दी है कि ईरान की ओर से हुई ताजा मिसाइल अटैक के बाद अब उत्तर इजरायल के लोग बम शेल्टर से बाहर आ सकते हैं। कमांड ने बताया कि खतरे की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, हालांकि नागरिकों को निर्देशों का पालन करते रहने की सलाह दी गई है।

ईरान ने दागीं मिसाइलें – इजरायल का बड़ा दावा

इजरायल ने दावा किया है कि ईरान से उसकी ओर मिसाइलें दागी गई हैं। यह जानकारी इजरायली वायुसेना की ओर से आधिकारिक तौर पर दी गई है। देश के उत्तर क्षेत्रों में सायरन बजाए गए हैं और लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। इजरायली एयरफोर्स ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा थोड़ी देर पहले, ईरान से इजरायली इलाके की ओर मिसाइलें छोड़े जाने के बाद अलर्ट जारी किया गया है।

इजरायल पर कोई मिसाइल हमला नहीं किया – ईरानी मीडिया

ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि सीजफायर लागू होने के बाद ईरान ने इजरायल पर कोई मिसाइल हमला नहीं किया। यह बयान ऐसे समय पर आया है जब इजरायल की ओर से आरोप लगाया गया कि ईरान ने दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिन्हें इंटरसेप्ट कर लिया गया। ईरान की सेना ने स्पष्ट रूप से इनकार किया है कि सीजफायर के बाद इजरायल की ओर कोई मिसाइल दागी गई है। ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (NSC) ने इजरायल के साथ सीजफायर समझौते को औपचारिक तौर पर मंजूरी दे दी है।

इजरायल में फिर से खुलेगा हवाई क्षेत्र – एयरपोर्ट अथॉरिटी

टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान से सीजफायर के ऐलान के बाद अब इजरायल धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ेगा। इजरायल एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (IAA) ने बताया है कि देश के हवाई क्षेत्र को फेज के अनुसार धीरे-धीरे दोबारा खोला जाएगा। हालांकि इसकी आखिरी मंजूरी रक्षा मंत्रालय से मिलेगी। इजरायल एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के अनुसार, इस प्रक्रिया के तहत सिविल एविएशन अथॉरिटी, रक्षा संस्थानों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर स्थिति की समीक्षा की जा रही है।

कतर ने ईरानी राजदूत को किया तलब

कतर ने अपने देश में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने अल उदैद बेस पर ईरान द्वारा किए गए हमले के बाद ईरानी राजदूत को तलब किया है। यह हमला अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर की गई कार्रवाई के जवाब में किया गया था। कतर के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं। यह हमारे संप्रभुता और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है। कतर अपने जवाब देने के अधिकार को सुरक्षित रखता है।

फ्रांस ने किया सीजफायर का स्वागत

फ्रांस ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर की घोषणा का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में शांति कायम होगी। फ्रांस के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया। हम इस घोषणा का स्वागत करते हैं। यह जरूरी है कि अब पूरी तरह से दुश्मनी खत्म हो और सभी पक्ष इस समझौते का सम्मान करें। फ्रांस ने आगे चेताया कि अगर यह हिंसा दोबारा भड़की तो इसके भयानक परिणाम होंगे।

भारत में भी ईरान – इजरायल तनाव का असर

ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और हवाई हमलों के बीच मिडिल ईस्ट के एयरस्पेस बंद होने का असर अब भारत की उड़ानों पर भी साफ दिखने लगा है। देश में 60 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। कुल 48 उड़ानें दिल्ली एयरपोर्ट से रद्द की गई हैं। दिल्ली के अलावा, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु और गुजरात जैसे राज्यों के एयरपोर्ट्स पर भी उड़ानें रद्द या देर से शेड्यूल हुई हैं।

ईरान-इजरायल में सीजफायर के बाद इन देशों ने खोला एयरस्पेस

अलजजीरा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के चलते जो हवाई सेवाएं प्रभावित हुई थीं। अब वे धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं। सीरियाई मीडिया के अनुसार, सीरिया ने अपना एयरस्पेस दोबारा खोल दिया है। इसके अलावा, कतर, ओमान और इराक जैसे अन्य देशों ने भी अपना एयरस्पेस फिर से खोल दिया है।

read more : ईरान के टॉप कमांडर की हत्या, क्या है आसिम मुनीर का कनेक्शन ?