बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर वेंकैया नायडू बोले-अद्भुत और दिव्य है महादेव का धाम

काशी : उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू काशी प्रवास के दूसरे दिन आज बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने पहुंचे हैं। षोडशोपचार विधि से पूजन के बाद उन्होंने भव्य और नव्य श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को देखा। उप राष्ट्रपति ने कहा कि बाबा विश्वनाथ का धाम अद्भुत और दिव्य है। यहां आकर असीम शांति की अनुभूति हुई। इसके बाद उन्होंने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के मंदिर में हाजिरी लगाई।

अब उप राष्ट्रपति चंदौली के पड़ाव स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति स्थल का भ्रमण करने जाएंगे। स्मृति स्थल में उप राष्ट्रपति पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित 3-D फिल्म के साथ ही संग्रहालय को देखेंगे। शाम के समय बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल से उप राष्ट्रपति सपरिवार वापस दिल्ली लौट जाएंगे।

गंगा आरती देख कर हुए थे अभिभूत

उप राष्ट्रपति काशी प्रवास के पहले दिन शुक्रवार की शाम विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होने के लिए दशाश्वमेध घाट गए थे। दशाश्वमेध घाट पर उन्होंने सपरिवार मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया था। तकरीबन 55 मिनट तक हुई गंगा आरती को उप राष्ट्रपति अपलक देखते हुए अभिभूत नजर आए थे।

Read More : प्रेमिका को घुमाने के लिए युवक बना चोर, पुलिस से बोला माफ कर

रात्रि विश्राम उन्होंने बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) स्थित गेस्ट हाउस में किया था। बता दें कि उप राष्ट्रपति के काशी आगमन के मद्देनजर सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। उनकी आवाजाही के रूट की विशेष निगरानी करते हुए सादे कपड़ों में भी पुलिस और खुफिया इकाइयों के जवान तैनात किए गए हैं।