तृणमूल सांसद ने कहा-महिला मुख्यमंत्री हैं महिलाओं की सुरक्षा होनी चाहिए

कोलकाता : राज्य में पिछले दिनों हुई बलात्कार की घटनाओं को लेकर तृणमूल के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय (TMC MP Saugata Roy) ने राज्य में महिलाओं के साथ होने वाले एक भी अपराध को शर्मनाक बताया है | सौगत रॉय ने कहा कि जिस राज्य की मुख्यमंत्री खुद एक महिला हैं वहां महिलाओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। गुरुवार को वह एक कार्यक्रम में तृणमूल के वरिष्ठ सांसद पहुंचे थे जहां उन्होंने अपने भाषण में ये बाते कही। सौगत रॉय का यह बयान राज्य के नदिया जिले (Nadiya Rape Case) के संहसखली गांव में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ रेप और फिर उसकी मौत के मामले के बीच आया है |

वहीं सन्मार्ग से बात करते हुए सांसद ने कहा कि मैंने पुलिस-प्रशासन को केंद्र करके ये बात कही। मेरा मानना है कि जिस राज्य की मुख्यमंत्री ही महिला हो वहां महिलाओं को सुरक्षित रहना चाहिए और ये देखना पुलिस का काम है। अगर ऐसा नहीं होता है तो वह गलत होगा। महिलाओं के ऊपर किसी तरह का अत्याचार बर्दाश्त करने लायक नहीं है। कार्यक्रम के दौरान सौगत ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री महिला के राज्य में रेप जैसी घटना लज्जाजनक है। नारी सुरक्षा का मुद्दा सब के लिए अहम होना चाहिए।

Exit mobile version