मेडिकल की पढ़ाई कर डॉक्टर बनने का ख्वाब देखने वाले 22 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं के लिए आज का दिन बेहद अहम है। 3 मई को हुए इम्तिहान के रद्द होने के बाद, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए आज यानी 21 जून 2026 को नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा आयोजित कर रही है। पिछली बार पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों के भरोसे को जो ठेस पहुंचाई थी। उससे सबक लेते हुए इस बार एनटीए ने सुरक्षा के ऐसे पुख्ता इंतजाम किए हैं। जो शायद ही पहले कभी देखे गए हों। हालात ये हैं कि परिंदे को भी पर मारने की इजाजत नहीं है।
इस बार पारदर्शिता और ईमानदारी बनाए रखने के लिए भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों से प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया है। देश भर के 5440 परीक्षा केंद्रों पर एक लाख अड़तीस हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है। नकल और किसी भी तरह की धांधली को जड़ से खत्म करने के लिए 51 हजार से ज्यादा जैमर भी लगाए गए हैं। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। छात्रों को इस बार 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है।
परीक्षा अवधि बढ़कर 195 मिनट हुई
इस वर्ष नीट यूजी परीक्षा की कुल अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। पहले यह परीक्षा 180 मिनट की होती थी। लेकिन अब अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने के लिए अधिक समय दिया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी और शाम 5:15 बजे समाप्त होगी। अतिरिक्त 15 मिनट का उद्देश्य उपस्थिति दर्ज करने और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाले समय को संतुलित करना है। ताकि उम्मीदवारों के वास्तविक परीक्षा समय पर कोई असर न पड़े।
प्रश्न पुस्तिका के लेआउट में बदलाव
एनटीए ने नीट यूजी प्रश्न पुस्तिका के स्वरूप में बदलाव किया है। पहले रफ वर्क के लिए दिए गए पेज पुस्तिका के अंत में होते थे। जिससे कुछ उम्मीदवारों, खासकर बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को परेशानी होती थी। अब नए बदलाव के तहत रफ वर्क के दो पेज निर्देशों वाले पृष्ठ के तुरंत बाद, यानी प्रश्न पुस्तिका की शुरुआत में दिए जाएंगे। वहीं दो अतिरिक्त पेज पहले की तरह पुस्तिका के अंत में भी उपलब्ध रहेंगे। यह व्यवस्था सभी भाषाओं की प्रश्न पुस्तिकाओं पर समान रूप से लागू होगी।
परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचे छात्रों को प्रवेश नहीं
नीट यूजी पुनर्परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचने के कारण दो छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। एक छात्र के चाचा आमिर कादरी ने बताया, “मैं अपने भतीजे के साथ उसकी परीक्षा के लिए आया हूं। परीक्षा केंद्र जाते समय हमारा एक्सीडेंट हो गया और मुझे थोड़ी देर हो गई, क्योंकि मेरे भतीजे को प्राथमिक उपचार दिया गया। अब जब हम यहां पहुंच गए हैं, तो हमें प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। अधिकारी कह रहे हैं कि परीक्षा शुरू हो चुकी है और हमें प्रवेश देना संभव नहीं होगा।
नीट यूजी री-एग्जाम के दौरान हिजाब को लेकर एंट्री विवाद
अजमेर में नीट री-एग्जाम देने पहुंची एक छात्रा की एंट्री पर उस समय विवाद हो गया जब वह सावित्री स्कूल परीक्षा केंद्र पर हिजाब पहनकर परीक्षा देने पहुंची। एंट्री के दौरान कुछ देर के लिए हंगामा हुआ। हालांकि बाद में छात्रा की जांच की गई और एनटीए की गाइडलाइन के अनुसार उसे परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी गई। जिला कलेक्टर ने बताया कि सभी स्टूडेंट्स को परीक्षा नियमों की जानकारी पहले ही दे दी गई थी और प्रशासनिक टीम को भी इस संबंध में सूचित किया गया था। कार्यवाहक एसपी ऊषा यादव ने भी मामले की पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से संभाल लिया गया।
घायल छात्रा सृष्टि दुबे ने विशेष व्यवस्था के बीच दी परीक्षा
कोलकाता की नीट यूजी अभ्यर्थी सृष्टि दुबे ने गंभीर सड़क हादसे और बड़ी सर्जरी के बावजूद हार नहीं मानी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के हस्तक्षेप के बाद उन्हें विशेष मेडिकल व्यवस्था के साथ नीट यूजी 2026 परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई। जिसके लिए परीक्षा केंद्र पर अलग कमरा, मेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई थी।
परीक्षा पैटर्न और अंकन योजना समझें
नीट यूजी परीक्षा में कुल 180 प्रश्न पूछे जाते हैं, जो कुल 720 अंकों के होते हैं। इसमें भौतिकी और रसायन विज्ञान से 45-45 प्रश्न (180-180 अंक) तथा जीव विज्ञान से 90 प्रश्न (360 अंक) शामिल होते हैं। परीक्षा की अंकन योजना के अनुसार प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक दिए जाते हैं। जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होती है। किसी प्रश्न का उत्तर न देने पर कोई अंक नहीं दिया जाता और न ही कोई अंक काटा जाता है।
परीक्षा के बाद अगला चरण क्या ?
परीक्षा समाप्त होने के बाद एनटीए द्वारा प्रोविजनल आंसर की जारी की जाएगी। जिस पर उम्मीदवार आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर की प्रकाशित होगी और इसके आधार पर नीट यूजी का परिणाम घोषित किया जाएगा। रिजल्ट जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों को काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेना होगा। जिसके माध्यम से मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में सीटों का आवंटन किया जाएगा।
Read More : अमेरिका-ईरान डील पर संकट के बादल, होर्मुज स्ट्रेट फिर पूरी तरह बंद